Next Story
Newszop

सावन के पहले सोमवार को अजमेर–पुष्कर में शिव भक्ति की गूंज, सहस्त्रधाराओं से गूंजे मंदिर

Send Push

image

अजमेर, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । सावन के पहले सोमवार को तीर्थराज पुष्कर और अजमेर के शिव मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवालयों में सहस्त्रधाराओं के आयोजन आरंभ हुए, जिसमें शहर के कोने-कोने से श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भगवान भोलेनाथ के सहस्त्रनामों की ध्वनि और भजनों से मंदिरों की गूंज वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर रही थी।

पुष्कर सरोवर से कावड़िए जल भरकर विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना हुए। अजमेर और पुष्कर में रविवार को इंद्रदेव की मेहरबानी से पूरे क्षेत्र में अच्छी वर्षा हुई, सोमवार को भी वातावरण सुबह से ही सुहाना बना रहा। कभी मध्यम तो कभी तेज बरसात के बीच कावडिए अपने गंतव्यों को निकलने लगे। पुष्कर सरोवर और अजमेर के आसपास के तालाबों, नाड़ियों और पोखरों में जल स्तर में वृद्धि दर्ज की गई। पुष्कर में मूसलाधार बारिश के कारण सभी घाटों से पानी सरोवर में प्रवेश करने लगा। पर्वतीय क्षेत्रों में झरनों की धारा बहती नजर आई और कई सड़कों पर पानी का बहाव उफनती नदियों जैसा दिखा।

अजमेर के प्राचीन अर्धचन्द्रेश्वर महादेव मंदिर (स्थि‍त शिवबाग, नया बाजार) में भी विशाल सहस्त्रधारा का आयोजन विधि-विधान से संपन्न हुआ। मंदिर के पुजारी पंडित श्याम सुंदर शुक्ला ने बताया कि पंडित संतोष शर्मा के सान्निध्य में मंत्रोच्चार के साथ सहस्त्रधारा की गई। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थित पारंपरिक कुएं के जल से शिव अभिषेक किया गया। सहस्त्रधारा के अंतर्गत जनैऊधारी ब्राह्मणों ने विशेष विधि से जल चढ़ाया।

कार्यक्रम के संयोजक कुश महेंद्र सिंह रलावता ने बताया कि सुबह प्रातः पूजन, आकर्षक श्रृंगार, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ आयोजन पूर्ण हुआ। इस अवसर पर भक्ति भाव के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते मंदिर पहुंचे।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे, जिनमें राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह रलावता, नगर निगम अजमेर के पूर्व उपायुक्त पार्षद गजेंद्र सिंह रलावता, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन, महासचिव शिव कुमार बंसल, राजेंद्र गुंजल, डॉ. कुलदीप शर्मा, अशोक मल्लिक, अजय टेंगौर, करण सिंह राठौड़, मुकेश सिंह राठौड़, भरत सिंह राणा, शंकर गुर्जर, राजेंद्र वर्मा, शक्ति सिंह रलावता, मनीष अग्रवाल, धर्मवीर सिंह राठौड़, गिन्नी रलावता, हेमेंद्र सिंह, अहमद हुसैन, दिलीप सामतानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए।

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष

Loving Newspoint? Download the app now